देहरादून
शीतकालीन चारधाम को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। 30 दिसंबर तक 15314 तीर्थयात्री चार धाम दर्शन कर चुके हैं। इनमें बाबा केदारनाथ के शीतकालीन प्रवास स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में सर्वाधिक 6482 श्रद्धालु पहुंचे हैं। जबकि पांडुकेश्वर में 5104 तीर्थयात्रियों ने भगवान बद्रीविशाल के दर्शन किए हैं। गंगोत्री धाम के प्रवास स्थल मुखबा में 3114 श्रद्धालु मां गंगा और यमुनोत्री धाम के प्रवास स्थल खरसाली में 614 तीर्थयात्री मां यमुना के दर्शन कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विगत आठ दिसंबर को पंच केदार शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में पंच केदार शीतकालीन यात्रा का श्रीगणेश किया था। कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह है। बाबा केदार एवं मद्महेश्वर भगवान की डोली शीतकाल के लिए ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होती है। छह माह तक यहीं भगवान केदारनाथ और मद्महेश्वर के दर्शन होते हैं। बाबा केदार के दर्शन के लिए हर रोज सैकड़ों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बीते दिवस सोमवार को 518 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। पांडुकेश्वर में 364 तीर्थयात्रियों ने भगवान बद्रीविशाल के दर्शन किए। जबकि मुखबा में 18 और आठ यात्री खरसाली पहुंचे।
शासन प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। ठंड से बचाव के लिए पुख्ता व्यवस्थाएं की गई हैं।

More Stories
मुख्यमंत्री ने नगला तराई में आयोजित रामलीला में की शिरकत, भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने का किया आह्वान
अवैध प्लॉटिंग पर एमडीडीए का बुलडोजर, दो प्रतिष्ठान सील,.डोईवाला में 60-65 बीघा जमीन पर अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, मैगी प्वाइंट और पुरुकुल रोड पर भी कार्रवाई
आईफैड कार्यकारी बोर्ड के प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून में सगंध पौधा केंद्र एवं रेशम निदेशालय में रीप पहलों का किया भ्रमण