ऋषिकेश: देश के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के ऊर्जा उपक्रम टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने मंगलवार को अपने कॉरपोरेट कार्यालय, ऋषिकेश सहित देशभर की परियोजनाओं और यूनिट कार्यालयों में 39वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। इस अवसर पर कंपनी ने नवाचार, सतत विकास, प्रचालन उत्कृष्टता और भारत की ऊर्जा सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

समारोह का शुभारंभ प्रबंध निदेशक श्री सिपन कुमार गर्ग द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने टीएचडीसी की 39 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का उल्लेख करते हुए कर्मचारियों के समर्पण और टीमवर्क की सराहना की।

उन्होंने बताया कि टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की कुल स्थापित क्षमता अब 3,907 मेगावाट हो चुकी है। हाल ही में 1000 मेगावाट टिहरी वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज प्लांट तथा 1320 मेगावाट खुर्जा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट के संचालन से कंपनी ने विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। श्री गर्ग ने कहा कि टीएचडीसी अब पंप स्टोरेज सेक्टर में देश की अग्रणी शक्ति बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रही है और भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।
स्थापना दिवस समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को मेरिटोरियस, इनोवेशन, बेस्ट इम्प्लॉई, गौरव, नमन सहित विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। कंपनी के पूर्व निदेशक (वित्त) श्री जे. बेहेरा को वित्तीय प्रबंधन और संस्थागत विकास में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘नमन पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य तकनीकी अधिकारी श्री एल.पी. जोशी, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री कुमार शरद, मुख्य महाप्रबंधक डॉ. ए.एन. त्रिपाठी सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


More Stories
महंगे शौकों को पूरा करने की लत ने पहुंचाया सलाखों के पीछे, डोईवाला क्षेत्र में हुई वाहन चोरी की घटना का 8 घंटे के अंदर दून पुलिस ने किया खुलासा, डिलीवरी बॉय सहित 2 अभियुक्तों को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार
अवैध पशु कटान में लिप्त 2 अभियुक्तो को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार
दिव्यांग बच्चों के बीच अपना जन्म दिवस मनाने पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, बच्चों के साथ केक काटा, आत्मीयता से मिले और साझा की जन्म दिवस की खुशियां, बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है—मुख्यमंत्री