September 13, 2025

लखनऊ से बड़ी खबर, बुलडोजर लेकर गई नगर निगम की टीम को लोगों ने पीटा, महिला कर्मचारियों पर भी हमला|

  • Uttar Pradesh:- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नगर निगम टीम पर हमला हुआ है। बताया जा रहा है कि अवैध अतिक्रमण को लेकर नगर निगम की टीम कार्रवाई करने गई थी। इसी दौरान मारपीट और हाथापाई हुई है। महिला कर्मचारियों के साथ भी मारपीट का मामला है। फिलहाल लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल मौके पर पहुंच गई हैं।

जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के इंदिरानगर इलाके में मुंशी पुलिया मेट्रो स्टेशन के पास नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए गई थी। यहां कथित रूप से अवैध बांग्लादेशियों ने कब्जा किया हुआ था। प्रशासन की टीम अपना ताम-झाम लेकर रविवार की सुबह ही यहां पहुंच गई थी। बुलडोजर साथ लेकर नगर निगम की टीम आई थी। हालांकि जब अवैध अतिक्रमण को लेकर एक्शन हुआ तो इससे लोग भड़क गए। अवैध रूप से रह रहे संभावित असम और बांग्लादेशियों ने नगर निगम टीम को घेर लिया और हाथापाई शुरू कर दी।

200 लोगों ने नगर निगम की टीम पर हमला किया
नगर निगम अधिकारियों और वहां मौजूद लोगों के बीच पहले बहस हुई थी। उसके बाद बात हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप है कि तकरीबन 200 लोगों ने नगर निगम की टीम पर हमला कर दिया। महिला कर्मचारियों के साथ भी कथित रूप से आरोपियों ने मारपीट की। बताया जा रहा है कि भीड़ ने कथित रूप से नगर निगम के कर्मचारियों को सिर्फ पीटा ही नहीं, बल्कि उनका सामान भी लूट लिया था। इसकी जानकारी मिलते ही नगर निगम की मेयर सुषमा खर्कवाल मौके पर पहुंची और मारपीट की सूचना पुलिस को भी दी गई। मेयर सुषमा खर्कवाल ने पुलिसकर्मियों को जमकर खरी खोटी सुनाई।

मेयर सुषमा खर्कवाल ने पुलिस पर लगाए आरोप
मेयर सुषमा खर्कवाल ने अपने बयान में कहा कि इलाके में हमारे अधिकारी ठेलिया पकड़ने गए थे। यहां काम करने वाले लोगों ने अधिकारियों को मारा। उन्होंने कहा कि दुख इस बात का है कि घटनास्थल से 50 मीटर पर पुलिस थाना है और उसके बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। मेयर ने आरोप लगाए कि यहां लोगों को लाइट कनेक्शन दे रहे हैं। यहां बिजली चोरी हो रही है। दो केवी का कनेक्शन 50 घरों में चल रहा है। अगर प्रीपेड कनेक्शन है तो ये 50 घरों में कैसे संभल हो गया। उन्होंने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

You may have missed